हार के बाद भितरघात का आरोप, महेश राय को BJP ने थमाया नोटिस

10 May 25 6

0 0 0
Loading...
Description

विधानसभा चुनाव में सागर जिले की बीना सीट से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक महेश राय को चुनाव हारने के बाद भाजपा के जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया और संगठन के लोगों पर चुनाव हरवाने का आरोप लगाना महंगा पड़ गया है। भाजपा ने सार्वजनिक आरोप लगाए जाने को अनुशासनहीनता मानते हुए महेश राय को कारण बताओ नोटिस थमा दिया है।

नोटिस में कहा गया है कि हार के बाद पत्रकार वार्ता कर पार्टी के जिलाध्यक्ष और पदाधिकारियों पर सार्वजनिक रूप से आरोप लगाने से पार्टी की छवि को आघात पहुंचा है। महेश राय से कहा गया कि आप सप्रमाण अपनी बात पार्टी फोरम पर रख सकते थे लेकिन सार्वजानिक रूप से आरोप लगाना पार्टी की रीति नीति नहीं है।

महेश राय से कहा गया है कि आप अपने इस कृत्य का तीन दिनों में स्पष्टीकरण दें कि क्यों न आपके विरुद्ध अनुशासनहीनता की कार्रवाई की जाये। पत्र में यह भी कहा गया कि आप पूर्व विधायक रह चुके हैं ऐसे में आपसे इस तरह के आचरण की अपेक्षा नहीं की जा सकती है। नोटिस प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी द्वारा जारी किया गया है।

गौरतलब है कि  भाजपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक महेश राय ने बीना में प्रेस वार्ता कर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने अपने लोगों की संगठन के पदों पर नियुक्ति कराई। जब यह नियुक्तियां संगठन में की जा रही थीं तो मैंने इनका विरोध किया था। ये लोग भविष्य में मेरे और भाजपा को नुकसान पहुंचाएंगे और वही हुआ। इन लोगों ने संगठन के महत्वपूर्ण पद पर होते हुए खुले आम विरोध किया और भितरघात किया।